जौनपुर(6जून)। जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक के चचेरे भाई पर बालिका के साथ जबरदस्ती दुराचार करने तथा छेड़खानी का आरोप बालिका के घर वालों ने लगाया है। गांव वालों ने युवक को पकड़कर जफराबाद पुलिस के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव के राजभर बस्ती का एक 21 वर्षीय युवक अपने पड़ोस में रहने वाली 11 वर्षीय चचेरी बहन के साथ छेड़छाड़ करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। बालिका दोपहर में करीब 3 बजे घर के पीछे शौचालय में शौच करने के लिए गयी। शौचालय के पास घात लगाकर बैठे चचेरे भाई ने युवती को शौचालय के अंदर पकड़ लिया। शौचालय के दरवाजे को अंदर से बंद कर लिया। उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। एक घंटा बीत जाने के बाद भी शौचालय से न लौटने पर घर वालों को संदेह हुआ बालिका को खोजने लगे। खोजते हुए बालिका की बड़ी मां शौचालय पहुचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। बाहर से आवाज देने पर शौचालय के भीतर से कोई आवाज ना आने पर संदेह हुआ। शौचालय का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया तो युवक ने कुंडी खोल दिया। इस दौरान बेहोशी की अवस्था में शौचालय में बच्ची पड़ी हुई थी। चचेरे भाई की जमकर धुनाई के बाद परिजन बालिका के साथ युवक को पकड़कर जफराबाद पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर हवालात के भीतर बंद कर दिया। पूछे जाने पर थानाध्यक्ष जफराबाद मधुप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखा जा रहा है। बालिका का मेडिकल मुआयना कराया जाएगा। मेडिकल के बाद यह स्पष्ट हो पाएगा कि दुराचार हुआ है या नहीं। प्रथम दृष्टया छेड़खानी का मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। इसके पूर्व भी चचेरे भाई ने बालिका की बड़ी बहन की अश्लील फोटो फेसबुक पर डाल दिया था। उक्त मामले को लेकर पूर्व में थाने पर पंचायत हुई थी। पंचायत में सुलह समझौता कर मामले को रफा-दफा कर दिया गया था। घटना के बाद से दोनों परिवारों में काफी तनाव बना हुआ है।