जौनपुर(07मार्च) जिले के खुटहन क्षेत्र की सीमा से सटे बस्ती बन्दगॉव मोड़ पर बीती रात 1:30 बजे खुटहन से मल्हनी जा रही एक वैगनआर कार पुलिया से टकराकर अनियंत्रित होकर 10 फिट गहरी खाई में पलट गयी। जिससे उसमे सवार गम्भीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय दर्दनाक मौत हो गयी। शेष पांच घायलों का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। युवक की मौत के खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, मल्हनी बाजार निवासी मृतक विनय कुमार सोनी पुत्र जमुनाप्रसाद सोनी(22 वर्ष) अपने दोस्त श्याम मोदनवाल की होने वाली पत्नी के गोदभराई कार्यक्रम में सिंगरामऊ बाजार गये थे। कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात वहां से देर रात घर लौटते वक्त बस्ती बन्दगॉव मोड़ के पास वैगनआर कार(यूपी 62AX 5775) अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद खाई में पलट गयी। जिससे उसमे बैठे छ्ह लोग गम्भीररूप से घायल हो गए। रात में सन्नाटा होंने की वजह से सुनसान इलाके में पलटी कार में बेहोसी की हालत में लोग काफी देर तक पड़े रहे। उन्ही में से किसी घायल ने होश में आने के बाद अपने परिजनों से मोबाइल फ़ोन पर संपर्क साधा। तत्काल परिजन दुर्घटना स्थल पर पहुच गये। चीख पुकार सुनकर अर्द्ध निद्रा में सोए ग्रामीण भी जगकर घटना स्थल पर पहुच गये। ग्रामीणों ने परिजनों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला। परिजनों ने सरकारी एम्बुलेंस को फोनकर सूचित किया। डेढ़ घण्टे देर से पहुची एबुलेंस सभी घायलों को लेकर जिला चिकित्सालय रवाना हो गयी। परन्तु गम्भीररूप से घायल विनय कुमार सेठ(22 वर्ष) मल्हनी बाजार, थाना सरायख्वाजा अस्पताल ले जाते समय रास्ते मे ही दम तोड़ दिया। शेष पांच गम्भीररूप से घायल धर्मेंद्र कुमार अग्रहरि(20वर्ष), विक्की मोदनवाल(22वर्ष), संदीप अग्रहरि(23 वर्ष), श्याम मोदनवाल(२४ वर्ष) तथा मिंकू आलम(22 वर्ष), निवासी मल्हनी बाजार का इलाज जिलाचिकित्सालय में चल रहा है।उधर विनय की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।